Article Body
लॉस एंजिलिस : तीन बार ऑस्कर के लिए नामांकित अमेरिकी अभिनेत्री डायने लैड का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनकी बेटी और अभिनेत्री लॉरा डर्न ने सोमवार को एक बयान में उनकी मृत्यु की पुष्टि की।
डर्न ने बताया कि लैड का निधन कैलिफोर्निया के ओहाई स्थित उनके घर पर हुआ। उन्होंने कहा कि निधन के समय वह अपनी मां के साथ मौजूद थीं। लॉरा डर्न ने मृत्यु का कारण साझा नहीं किया।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक संदेश में डर्न ने लिखा, “वह मेरी अद्भुत हीरो और एक अनमोल मां थीं। वह महान बेटी, मां, दादी और कलाकार थीं। हम सौभाग्यशाली हैं कि वह हमारे जीवन में थीं।”
डायने लैड का जन्म 29 नवंबर, 1935 को मिसिसिपी में हुआ था। उन्हें 1974 में मार्टिन स्कॉर्सेसी की फिल्म ऐलिस डज नॉट लिव हियर एनीमोर में ‘फ्लो’ के किरदार के लिए पहली बार सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के तौर पर ऑस्कर नामांकन मिला था।
लैड को अपने करियर में कुल तीन ऑस्कर और तीन एमी नामांकन मिले। उन्होंने छह दशक से अधिक के करियर में वाइल्ड एट हार्ट और चाइनाटाउन जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
लैड के परिवार की ओर से अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की गई है।

Comments