सक्ती : छत्तीसगढ़ शासन ने राशनकार्ड धारकों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब हितग्राही मोबाइल फोन से घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित ‘मेरा ई-केवाईसी राशन कार्ड’ मोबाइल एप उपयोग में लाया जा रहा है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा कि राशनकार्डधारी आधार फेस रिकग्निशन तकनीक के माध्यम से अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कर सकते हैं। पहले यह प्रक्रिया राशन दुकानों पर की जाती थी।
प्रक्रिया के अनुसार, एप इंस्टॉल करने के बाद उपयोगकर्ता को राज्य का चयन कर मोबाइल का लोकेशन ऑन करना होगा। इसके बाद आधार नंबर और उससे लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा। कैप्चा पूरा करने के बाद कार्ड विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसके पश्चात फेस ई-केवाईसी का विकल्प चुनकर चेहरे का प्रमाणीकरण किया जा सकेगा।
अधिकारी ने बताया कि चेहरा सफलतापूर्वक मैच होने पर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे शीघ्र ई-केवाईसी पूर्ण करें ताकि राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
राज्य खाद्य विभाग के अनुसार, यह पहल सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई है।