धमतरी — छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने नक्सलियों द्वारा प्लांट की गई 10 किलो वजनी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) को शनिवार को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह आईईडी नगरी थाना क्षेत्र के फरसिया-चंदनबाहरा मार्ग पर लगाई गई थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर डीआरजी और बीडीएस टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था।

सर्चिंग के दौरान टीम को सड़क किनारे संदिग्ध कमांड-टिफिन आईईडी मिला, जिसे डीआरजी की सुरक्षा व्यवस्था में बीडीएस टीम ने तकनीकी दक्षता से निष्क्रिय किया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से एक संभावित नक्सली साजिश विफल हुई।
एएसपी शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता बरतने से संभावित घटनाओं को टाला जा सकता है।