Article Body
Delhi CM Attack Case: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की साजिश में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश के साथी तहसीन को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद पूरी साजिश की परतें खुल गई हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी की योजना मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने की थी।
चाकू से हमले का था प्लान, सुरक्षा देख बदला इरादा
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी राजेश, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर चाकू से जानलेवा हमला करने के इरादे से आया था। उसने पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन जब उसने सीएम की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी, तो वह घबरा गया और उसने मौके पर ही अपना प्लान बदल दिया। अगर सुरक्षा में जरा भी चूक होती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
साजिश का 'गुजरात कनेक्शन', दूसरा आरोपी भी गिरफ्त में
इस मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने साजिश के तार गुजरात से जुड़े पाए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश खिमजी के साथी तहसीन को गुजरात के राजकोट से दिल्ली लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, तहसीन लगातार राजेश के संपर्क में था और उसे साजिश को अंजाम देने के लिए आर्थिक मदद भी दे रहा था। तहसीन ने राजेश को दिल्ली में रुकने और अन्य खर्चों के लिए 2 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।
पूछताछ में चौंकाने वाला कबूलनामा: CM या सुप्रीम कोर्ट थे निशाने पर
गिरफ्तारी के बाद जब तहसीन से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने कई चौंकाने वाले राज उगले। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तहसीन ने कबूल किया है कि उसे राजेश की पूरी साजिश के बारे में पहले से पता था। राजेश ने उसे बताया था कि उसका निशाना या तो दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं या फिर सुप्रीम कोर्ट, जहाँ वह कोई बड़ी वारदात करना चाहता था। इस कबूलनामे के बाद पुलिस और भी सघनता से जांच में जुट गई है।
Comments