जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार रात आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि पत्थलगांव विकासखंड के छाता सराई गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में 50 से अधिक किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं।

कृषि विस्तार अधिकारी जीवन एक्का ने कहा कि देर रात हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से धान, मक्का, टमाटर और अरहर की फसलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि कृषि और राजस्व विभाग की टीमों को नुकसान का आकलन करने के लिए भेजा गया है।

एक्का ने कहा कि “टीम खेतों का सर्वे कर रही है और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।”
स्थानीय किसानों के अनुसार, धान की फसल कटाई के लिए तैयार थी और अधिकांश किसानों ने खेती के लिए ऋण लिया था। ओलावृष्टि के कारण फसलें दबकर नष्ट हो गईं।
प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होनी है, ऐसे में जशपुर में फसल नुकसान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।