Article Body
मुरैना — मुरैना में डीएपी खाद की कमी से किसानों की लंबी लाइनें, प्रशासन ने दिए दो काउंटर खोलने के निर्देश. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गेहूं की बुआई शुरू होते ही डीएपी खाद की कमी के कारण वितरण केंद्रों पर किसानों की लंबी लाइनें लग गईं। सोमवार को जिले के कृषि उपज मंडी परिसर, जीवाजी गंज सोसायटी और बाईपास स्थित एमपी एग्रो केंद्रों पर पुरुष और महिला किसान सुबह से ही लाइन में खड़े नजर आए।
किसानों ने बताया कि काउंटर सुबह देर से खुलते हैं और कई बार नंबर आने से पहले खाद खत्म हो जाती है। एक किसान अभिषेक सिंह ने कहा, “पिछले आठ दिन से खाद लेने आ रहे हैं, लेकिन एक बार में दो कट्टे ही मिल रहे हैं, इसलिए बार-बार आना पड़ रहा है।” एक अन्य किसान अंगूरी देवी ने बताया, “शुक्रवार को आई थी, लेकिन तब तक डीएपी खत्म हो गई थी, आज फिर सुबह से लाइन में लगे हैं।”
जिला विपणन अधिकारी विनोद कोटिया ने बताया कि इस वर्ष अब तक 26 हजार मीट्रिक टन डीएपी वितरित की जा चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6 हजार मीट्रिक टन अधिक है। उन्होंने कहा कि रविवार को 800 मीट्रिक टन डीएपी जिले में पहुंची है और इसका वितरण जारी है। कोटिया ने कहा, “किसान डीएपी का विकल्प एनपीके खाद का भी उपयोग कर सकते हैं, जो गेहूं और तिलहन फसलों के लिए उपयुक्त है।”
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने सोमवार को जीवाजीगंज स्थित खाद वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि “जब तक किसान लाइन में हैं, तब तक वितरण प्रक्रिया जारी रखी जाए।” उन्होंने दो पीओएस मशीनें लगाकर दो काउंटर संचालित करने के आदेश दिए ताकि किसानों को लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसानों को वैकल्पिक उर्वरक विकल्पों के बारे में जागरूक करने के प्रयास जारी हैं।

Comments