रायपुर : रायपुर में चल रहे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के दौरान सिटी बसों और इलेक्ट्रिक ऑटो (ईवी) के संचालन पर रोक से आगंतुकों को आवागमन में कठिनाई हुई। मेला स्थल तक कोई सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध न होने से कई लोगों को 2 से 3 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
जिला प्रशासन ने पहले घोषणा की थी कि राज्योत्सव के लिए सिटी बसों और 100 इलेक्ट्रॉनिक ऑटो का संचालन किया जाएगा, लेकिन कार्यक्रम के दौरान यह सेवा निलंबित कर दी गई। इससे मेला स्थल तक पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, यात्री बसों का रूट शदाणी दरबार से आगे एक्सप्रेसवे सिग्नल से बायपास रोड की ओर डायवर्ट किया गया है। शाम के समय माना बस्ती से आगे का क्षेत्र लगभग खाली दिखाई दे रहा है।
नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव स्थल शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है। अभनपुर, धमतरी, बालोद और दुर्ग से आने वाले वाहनों के लिए बकतरा, केन्द्री, बेन्द्री मोड़ और निमोरा क्षेत्र में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहां से आगंतुकों को मेला परिसर तक पैदल जाना पड़ रहा है।
रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि राज्योत्सव में आने वाले लोगों के लिए सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “लोगों की सुविधा को देखते हुए ऑटो संचालन फिर से शुरू करने पर विचार किया जाएगा।”
अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था की समीक्षा के बाद परिवहन सेवाओं को आंशिक रूप से बहाल करने की संभावना पर निर्णय लिया जा सकता है।