रायपुर — खरोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ विश्वनाथ मिश्र ने रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक दावेदारी की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मिश्र की दावेदारी के बाद अन्य संभावित उम्मीदवारों में सक्रियता बढ़ गई है।
मिश्र पहले रायपुर जिला पंचायत के सभापति और मोहरेंगा कृषि सहकारी समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे खरोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का नेतृत्व कर रहे हैं।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत रायपुर जिले में नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी ने इसके लिए प्रफुल्ल गुडाधे को रायपुर शहर और ग्रामीण जिलों का प्रभारी नियुक्त किया है। गुडाधे 8 अक्टूबर को रायपुर जिला कांग्रेस भवन में कार्यकारिणी सदस्यों से बैठक कर चुके हैं और 15 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्र के सभी दस ब्लॉकों में रायशुमारी पूरी करने की योजना है।
रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष पद के लिए अन्य दावेदारों में पूर्व अध्यक्ष उधोराम वर्मा, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू के पुत्र प्रवीण साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र (पप्पू) बंजारे और भावेश बघेल शामिल हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि सभी दावेदारों से बातचीत के बाद रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष के चयन की सिफारिश उच्च संगठन स्तर पर भेजी जाएगी। निर्णय आने वाले दिनों में घोषित किया जा सकता है।